पुराने सिक्के-नोट के बदले करोड़ों दिलाने का झांसा, 1.68 लाख की साइबर ठगी; दो आरोपी तेलंगाना से गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर ‘राज ज्ञानी’ नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर देते थे विज्ञापन; फीस, जीपीएस रिचार्ज और कस्टम ड्यूटी के नाम पर खाते में रकम मंगाते थे
कवर्धा। पुराने सिक्के और नोट के बदले लाखों-करोड़ों रुपए दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को कबीरधाम साइबर पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर एक व्यक्ति को झांसे में लिया और अलग-अलग शुल्क के नाम पर उससे 1 लाख 68 हजार 269 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नजीम और मोहम्मद रोहिल, दोनों निवासी भरतपुर, राजस्थान, के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में आरमूर, जिला निजामाबाद, तेलंगाना में रह रहे थे।
5 रुपए के सिक्के के बदले 85 लाख और नोट के बदले 1 करोड़ का विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक अगस्त 2026 में प्रार्थी इंस्टाग्राम रील्स देख रहा था। इसी दौरान उसे एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें 5 रुपए के वैष्णो देवी छाप सिक्के के बदले 85 लाख रुपए और 5 रुपए के ट्रैक्टर छाप नोट के बदले 1 करोड़ रुपए देने का दावा किया गया था।
विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई से बताया। इसके बाद पुराने सिक्के और नोट की फोटो व्हाट्सऐप पर मंगाई गई।
सरकारी शुल्क से लेकर कस्टम ड्यूटी तक के नाम पर पैसे मांगे
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सिक्के और नोट खरीदने के नाम पर भुगतान मिलने का भरोसा दिलाया और इसके बाद आधार कार्ड व फोटो मंगाकर अलग-अलग शुल्क के नाम पर रकम मांगना शुरू किया।
प्रार्थी से सरकारी शुल्क, जीपीएस रिचार्ज, इंजन वेरिफिकेशन, कस्टम ड्यूटी, रसीद और बीमा सहित अलग-अलग बहाने बनाए गए। इसके लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर, यूपीआई, क्यूआर कोड और बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।
प्रार्थी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 1,68,269 रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी आरोपियों की ओर से और रकम की मांग की जाती रही। इसके बाद साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंकिंग डिटेल से तेलंगाना तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान साइबर पुलिस ने बैंकिंग डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम तेलंगाना पहुंची और निजामाबाद जिले के आरमूर क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की।
पुलिस के मुताबिक फतेहपुर क्षेत्र में किराए के कमरे से मोहम्मद नजीम और मोहम्मद रोहिल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पुलिस ने आरोपियों द्वारा इंस्टाग्राम पर ‘राज ज्ञानी’ नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर पुराने सिक्के और नोट के बदले बड़ी रकम दिलाने का झांसा देने की जानकारी सामने आने का दावा किया है।
5 महंगे मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनमें एप्पल आईफोन, वीवो और रेडमी के मोबाइल शामिल हैं। जब्त संपत्ति की कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी फर्जी मोबाइल सिम और अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी करते थे। पूछताछ में अन्य राज्यों में भी इसी तरह की घटनाएं किए जाने की जानकारी मिलने की बात पुलिस ने कही है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों और लेन-देन से जुड़े खातों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने सोशल मीडिया विज्ञापनों से सावधान रहने कहा
साइबर पुलिस ने लोगों से इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पुराने सिक्के-नोट, नौकरी, निवेश या किसी वस्तु के बदले असामान्य रूप से ज्यादा रकम देने वाले विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की है।
पुलिस ने कहा है कि अनजान व्यक्ति के कहने पर सरकारी शुल्क, वेरिफिकेशन, जीपीएस, बीमा या अन्य किसी बहाने ऑनलाइन रकम ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क करने और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।





