कवर्धा विशेषहाईलाइट्स

अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी कांवड़ पदयात्रा करेंगी विधायक भावना बोहरा

कवर्धा। पंडरिया विधायक भावना बोहरा श्रावण मास के दूसरे सोमवार 10 अगस्त से अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर से भोरमदेव तक करीब 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा करेंगी। सात दिन तक चलने वाली यह यात्रा 16 अगस्त को भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ पूरी होगी।

विधायक भावना बोहरा 10 अगस्त को सुबह 7 बजे अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर से पवित्र जल लेकर पदयात्रा शुरू करेंगी। यात्रा डोंगरिया महादेव मंदिर होते हुए भोरमदेव पहुंचेगी। यहां मां नर्मदा के जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, किसानों की खुशहाली, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, मातृशक्ति के सम्मान और प्रदेशवासियों के सुख-शांति की कामना की जाएगी।

भावना बोहरा ने बताया कि पिछले वर्ष भी उन्होंने छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना के साथ अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी की कांवड़ पदयात्रा की थी। उनके अनुसार, पिछले वर्ष सैकड़ों कांवड़ यात्रियों ने यात्रा में सहयोग किया और कबीरधाम जिले के लोगों ने जगह-जगह स्वागत कर उत्साह बढ़ाया था।

उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना के साथ आत्मचिंतन, संयम, सेवा और लोककल्याण का भी पर्व है। मां नर्मदा का जल लेकर भगवान भोरमदेव का अभिषेक करना छत्तीसगढ़ की प्राचीन आस्था और धार्मिक परंपरा से जुड़ा है। कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति में त्याग, अनुशासन, सेवा और समर्पण का संदेश देती है।

सात दिन में सात पड़ाव

कांवड़ यात्रा 10 अगस्त से 16 अगस्त तक सात दिनों में पूरी होगी। यात्रा के दौरान जंगल, पहाड़ी रास्तों और ग्रामीण क्षेत्रों से होकर कांवड़ यात्री भोरमदेव पहुंचेंगे।

पहला दिन: मां नर्मदा मंदिर से गणेश मंदिर पहाड़, आमडोल, खपरा खोल होते हुए लमनी।

दूसरा दिन: लमनी से अचानकमार वन क्षेत्र होते हुए निवासखार और महामाई (खुड़िया) गांव।

तीसरा दिन: महामाई गांव से दुल्लापुर बाजार।

चौथा दिन: दुल्लापुर बाजार से गौरकांपा होते हुए मोहतरा।

पांचवां दिन: मोहतरा से डोंगरिया मंदिर।

छठवां दिन: डोंगरिया महादेव मंदिर से बोड़ला।

सातवां दिन: बोड़ला से भोरमदेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक।

विधायक ने कबीरधाम सहित प्रदेश के शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों से 10 अगस्त को सुबह 7 बजे अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर पहुंचकर यात्रा को शुभकामनाओं के साथ रवाना करने और यात्रा में सहयोग देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Subscribe