कवर्धा विशेष

रणवीरपुर में विकास कार्यों की सौगात, विधायक भावना बोहरा ने ₹65.64 लाख के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम रणवीरपुर में ₹65 लाख 64 हजार से अधिक लागत के विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान विधायक ने नव निर्मित महतारी सदन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के उन्नयन कार्य, बूढ़ादेव मंदिर के सामने सामुदायिक भवन और माध्यमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष सहित ₹51.14 लाख से अधिक के कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं ₹14.50 लाख की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन, अटल समरसता भवन और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भूमिपूजन भी किया गया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में सामाजिक, शैक्षणिक और डिजिटल सुविधाएं मजबूत होंगी। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, वहीं ग्रामीणों को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने महतारी सदन को महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह भवन महिलाओं के लिए प्रशिक्षण, बैठक, सामाजिक गतिविधियों और स्व-सहायता समूहों के संचालन का केंद्र बनेगा। यहां महिलाएं आत्मनिर्भरता और कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।

भावना बोहरा ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी और महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। आने वाले समय में भी पंडरिया विधानसभा में जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नरेश साहू, जिला मंत्री राघवेंद्र वर्मा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राजेंद्र साहू, सरपंच बीसा नेताम, महतारी सदन अध्यक्ष भारती सिन्हा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष मीना पटेल सहित विभिन्न महिला समूहों के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading