पंडरिया नपा की समीक्षा बैठक: समय पर और गुणवत्तापूर्ण काम के निर्देश, जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता

कवर्धा। नगर पालिका परिषद पंडरिया में विकास कार्यों और जनसुविधाओं को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक भावना बोहरा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी काम तय समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने वार्ड पार्षदों से एक-एक कर उनके क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। सड़कों की स्थिति, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, बिजली आपूर्ति, पेयजल, पीएम आवास की किश्त और लाभ वितरण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

विधायक ने विशेष रूप से पुराने बिजली तारों के सुधार, ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता, बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था, पार्किंग और ट्रैफिक समस्या के समाधान पर ध्यान देने को कहा। साथ ही हितग्राहियों को पट्टा वितरण में तेजी लाने और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बरसात और गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली और पानी की व्यवस्था सुचारू रखना जरूरी है। वहीं पुलिस विभाग को नगर में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने और भू-राजस्व से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया नगर में बीते वर्षों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं और आगे भी अधोसंरचना को मजबूत करने पर फोकस रहेगा। हरिनाला पुल, अटल परिसर, भारत माता चौक, सुतियापाट नहर विस्तार, बायपास सड़क और चौपाटी निर्माण जैसे कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा 250 सीटर नालंदा परिसर, नया पालिका भवन और व्यावसायिक परिसर निर्माण को भी स्वीकृति मिली है।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, सभी वार्ड पार्षद, तहसीलदार, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल संसाधन, ऊर्जा और पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



