कवर्धा विशेषक्राइम सेल

सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाला शातिर ठग गिरफ्तार

कवर्धा। पंडरिया थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को आयुर्वेदिक डॉक्टर बताकर ग्रामीणों को नौकरी दिलाने का लालच देता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक राजेश कुमार धुर्वे ने थाना पंडरिया में लिखित आवेदन देकर बताया कि पवन कुमार कुर्रे पिता दूजराम कुर्रे, निवासी ग्राम दमापुर ने उसकी पत्नी को शासकीय आयुर्वेदिक नर्स की नौकरी लगवाने का झांसा दिया और अलग-अलग माध्यम से कुल 2 लाख 76 हजार 500 रुपए ले लिए। लेकिन न तो नौकरी लगाई और न ही रकम वापस की।

आवेदन पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 175/2025 धारा 318(4) पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (IPS) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल के दिशा-निर्देशन और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी भूपत सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी नितिन कुमार तिवारी ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

जांच में सामने आया कि पवन कुर्रे एक शातिर किस्म का अपराधी है। इससे पहले भी ठगी के मामले में थाना कुदुर में अपराध दर्ज हो चुका है। आरोपी ग्रामीण और जंगल क्षेत्र के लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देकर ठगी करता था।

जानकारी मिली कि वह अपना नाम बदलकर रेंगखार और झलमला क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं से भी नौकरी के नाम पर मोटी रकम वसूल चुका है। ग्रामीणों को बुलाकर जब पुलिस ने पूछताछ की तो शिकायतें सही पाई गईं।

पुलिस ने आरोपी को दोषी पाए जाने पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।


    Related Articles

    Leave a Reply

    Back to top button

    Discover more from THE PUBLIC NEWS

    Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

    Continue reading