वनांचल में 9.33 करोड़ से बनेंगी दो सड़कें, विधायक भावना बोहरा ने किया भूमिपूजन

डेंगुरजाम-अमनिया के बीच 3.20 किमी नई सड़क बनेगी, देवसरा-कुई मार्ग के 7.4 किमी हिस्से का होगा नवीनीकरण; ग्रामीणों को आवागमन में मिलेगी सुविधा
कवर्धा। पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र में दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। विधायक भावना बोहरा ने कुल 9 करोड़ 33 लाख 1 हजार रुपये की लागत से होने वाले निर्माण और नवीनीकरण कार्यों की शुरुआत की। इनमें लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत डेंगुरजाम से अमनिया तक 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत देवसरा से कुई तक 7.4 किलोमीटर सड़क का नवीनीकरण शामिल है।
डेंगुरजाम-अमनिया सड़क के निर्माण पर 5 करोड़ 71 लाख 59 हजार रुपये और देवसरा-कुई सड़क के नवीनीकरण पर 3 करोड़ 61 लाख 42 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सड़कों से क्षेत्र के गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क बेहतर होने और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच होगी आसान
वनांचल क्षेत्र के गांवों में सड़क संपर्क बेहतर होने से विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों को लाभ मिलने की संभावना है। सड़कें बेहतर होने पर ग्रामीणों को शिक्षा संस्थानों, स्वास्थ्य सुविधाओं और बाजार तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। खासकर दूरस्थ गांवों में बारिश और खराब रास्तों के दौरान आवागमन की समस्या कम होने की उम्मीद है।

वनांचल में 100 किमी से अधिक सड़क निर्माण का दावा
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अब तक 100 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा पीएम जनमन योजना के तहत 3500 आवास, विद्युतविहीन गांवों तक बिजली पहुंचाने, टैंकरों और बोर खनन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने दामापुर में लिंक कोर्ट की स्थापना, महाविद्यालयीन छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा, निःशुल्क एंबुलेंस और मोबाइल हेल्थ लैब की सुविधाओं को भी क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों में शामिल बताया।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
भूमिपूजन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बसंत वाटिया, मंडल महामंत्री सोनू सलूजा, दशरथ कुंभकार, वरिष्ठ भाजपा नेता उत्तम मस्कोले, जनपद पंचायत पंडरिया अध्यक्ष नंदिनी साहू, रतिराम भट्ट, सरपंच हेमा भट्ट सहित रिद्ध राम श्याम, नरेश हाठले, हिम्मत मोंगरे, रामगोपाल वट्टी, राजकुमार नेताम, थानेश्वर जायसवाल, राय सिंह ध्रुवे, अमित राज, श्याम सिंह मरकाम, इतवारी मछिया सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





