ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करना प्राथमिकता : विधायक भावना बोहरा

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा के ग्रामीण, आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर भाजपा सरकार लगातार प्रयास कर रही है। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि गांव स्तर पर बेहतर इलाज और बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के तत्वावधान में पंडरिया के सामुदायिक भवन, कवर्धा के वीर सावरकर भवन और सहसपुर लोहारा के मंगल भवन में आयोजित विकासखंड स्तरीय ‘स्वस्थ पंचायत एवं जन संवाद सम्मेलन’ में विधायक भावना बोहरा शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं सुनीं और मौके पर समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली मितानिनों को सम्मानित भी किया गया।

विधायक ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपए तक का नि:शुल्क इलाज मिल रहा है, जिससे गरीब और आदिवासी परिवारों को राहत मिली है। वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जननी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, सुरक्षित प्रसव और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मितानिन, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर टीकाकरण और स्वास्थ्य जागरूकता का काम कर रही हैं।
भावना बोहरा ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों की जरूरतों को देखते हुए मोबाइल मेडिकल यूनिट, एंबुलेंस सेवा और दूरस्थ बस्तियों में स्वास्थ्य शिविरों का भी विस्तार किया जा रहा है, ताकि हर व्यक्ति तक इलाज की सुविधा पहुंच सके।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



