कवर्धा विशेषक्राइम सेल

कार में गुप्त चेंबर बनाकर गांजा की तस्करी! चिल्फी पुलिस ने 12.63 किलो गांजे के साथ 3 को पकड़ा

कवर्धा। कवर्धा-चिल्फी मार्ग से कार के जरिए गांजा तस्करी कर रहे तीन लोगों को चिल्फी पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी कार में बनाए गए गुप्त चेंबर में गांजे के पैकेट छिपाकर जबलपुर की ओर जा रहे थे। पुलिस ने तलाशी के दौरान 12.630 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है। कार और मोबाइल समेत कुल 12.11 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।

मामला 11 अगस्त का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक हुंडई ऑरा कार में तीन लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर कवर्धा-चिल्फी मार्ग से जबलपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही चिल्फी पुलिस ने एनएच-30 पर थाना परिसर के सामने नाकाबंदी कर दी।

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए की कार क्रमांक MP-65-ZB-7179 वहां पहुंची। पुलिस ने कार को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की और वाहन की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के पीछे एक गुप्त चेंबर नजर आया। इसे खोलने पर खाकी रंग के टेप से लिपटे 12 पैकेट मिले।

पुलिस ने पैकेटों की जांच की तो उनमें गांजा मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर कुल वजन 12.630 किलो निकला। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है।

कार में हरिओम बंजारा, उम्र 23 वर्ष, लेखराज बंजारा, उम्र 21 वर्ष और एक विधि से संघर्षरत बालक सवार था। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि नाबालिग के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई में गांजे के साथ हुंडई ऑरा कार, तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 12 लाख 11 हजार रुपए बताई गई है।

अब पुलिस की जांच केवल गांजा बरामदगी तक सीमित नहीं है। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसे जबलपुर में किसे देना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस के मुताबिक तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई हो सकती है।

मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading