बाइक से ले जा रहे थे 61 पौवा शराब, पुलिस ने युवक और किशोर को पकड़ा

कवर्धा। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 61 पौवा देशी शराब के साथ एक युवक और एक विधि से संघर्षरत किशोर को पकड़ा है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार साइबर थाना और पंडरिया थाना की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर ग्राम पुसेरा की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर दोनों को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 61 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 61 हजार 880 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने घोघरापारा पंडरिया निवासी 19 वर्षीय युवक कृष कुमार भारतेंदु को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मिले एक किशोर के विरुद्ध भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।



