11 किलो से ज्यादा गांजा बरामद, कबीरधाम पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्कर को दबोचा

कवर्धा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11 किलो 536 ग्राम गांजा, 1 लाख 1 हजार 500 रुपये नगद और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रायपुर-बिलासपुर बाईपास रोड स्थित केशरवानी लॉज के पीछे किराये के मकान में रहने वाला एक युवक बड़ी मात्रा में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गजेंद्र मानिकपुरी नामक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना पता ग्राम भरेली थाना पांडातराई जिला कबीरधाम बताया। तलाशी लेने पर मकान की सीढ़ियों के नीचे छिपाकर रखे गए एक थैले से खाकी टेप से पैक 11 पैकेट गांजा बरामद किया गया।
मौके पर जब्त गांजा का वजन 11 किलो 536 ग्राम निकला। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से 1 लाख 1 हजार 500 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन और गांजा पैकिंग में इस्तेमाल किए जाने वाले प्लास्टिक टेप भी जब्त किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा से गांजा लाकर कबीरधाम जिले में बिक्री करता था। पुलिस अब उससे जुड़े नेटवर्क और अन्य तस्करों के संबंध में जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।



