तरेगांव जंगल में मेगा स्वास्थ्य शिविर: 203 बच्चों की हृदय जांच में 15 में बीमारी की पहचान

821 लोगों को मिली स्वास्थ्य सुविधा, 139 गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी; 20 यूनिट रक्त संग्रह
कवर्धा। वनांचल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से तरेगांव जंगल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में कुल 821 हितग्राहियों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।
शिविर में सत्य साईं हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 203 बच्चों की इको जांच की। जांच में 15 बच्चों में हृदय संबंधी बीमारी के संकेत मिले, जिन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में यह जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
वहीं, गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराते हुए 139 माताओं की निःशुल्क सोनोग्राफी की गई। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रवि तिवारी ने सोनोग्राफी जांच की और गर्भवती महिलाओं को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया।

शिविर में अस्थि रोग के 16, नेत्र रोग के 70 और दंत रोग के 14 मरीजों की जांच की गई। इसके अलावा 11 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 144 प्रयोगशाला जांच और 50 हितग्राहियों को अन्य जांच एवं उपचार सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर के दौरान रक्तदान कार्यक्रम में 20 यूनिट रक्त भी संग्रहित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए समय पर जांच और उपचार कराने की सलाह दी।
अब रेंगाखार में लगेगा अगला शिविर
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अगला मेगा स्वास्थ्य शिविर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंगाखार में आयोजित किया जाएगा। यहां भी बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच, गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी और नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
वनांचल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने की यह पहल कितनी कारगर होती है, इसका अगला पड़ाव रेंगाखार शिविर होगा।





