मोतिमपुर में ताश पर लग रही थी हार-जीत की बाजी, पुलिस ने तीन जुआरी पकड़े

कवर्धा। पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोतिमपुर में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उनके पास से 7,220 रुपए नगद, ताश की गड्डी और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव में आनंद बघेल के घर के सामने कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसों की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीन लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अन्य लोग मौके से भागने में सफल हो गए।
पुलिस ने मोतिमपुर निवासी आनंद बघेल (37), राज भास्कर (21) और धन्नू बघेल (33) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास और जुआ फड़ से कुल 7,220 रुपए नगद, 52 पत्ती ताश और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत भी अलग से कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार फरार हुए अन्य जुआरियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक मोहन खुटे सहित पुलिस टीम के जवान शामिल रहे।



