सुबह हाजिरी, दोपहर बाद गायब! सरकारी डॉक्टर पर ड्यूटी में लापरवाही के आरोप, कलेक्टर-सीएमएचओ से शिकायत

दुर्ग। दुर्ग जिले के ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र स्थित हनोदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टर श्रीशांत दुबे के खिलाफ ड्यूटी में कथित लापरवाही को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) से शिकायत की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डॉक्टर नियमित रूप से ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहते हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल का निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होने के बावजूद डॉक्टर अक्सर पहली पाली में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद दोपहर के भोजन अवकाश के बाद अस्पताल से चले जाते हैं। शिकायतकर्ताओं का यह भी दावा है कि कई बार अवकाश आवेदन देने के बावजूद अगले दिन आकर संबंधित तिथि की उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर किए जाते हैं।
शिकायत में कहा गया है कि डॉक्टर की कथित अनुपस्थिति के कारण आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि अस्पताल में चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों और युवाओं ने जिला कलेक्टर तथा सीएमएचओ को लिखित ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में अस्पताल की कार्यप्रणाली की जांच कर जिम्मेदारी तय करने का भी आग्रह किया गया है।
ज्ञापन सौंपने वालों में धनंजय साहू, सोनू साहू, गुलशन शर्मा, शुभम सिंह, भरत साहू सहित गांव के जनप्रतिनिधि और अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
फिलहाल इस मामले में डॉक्टर श्रीशांत दुबे या स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।



