
अमनिया से शुरू होकर नेऊर, दमगढ़ सहित गांवों से छात्राओं को लेकर पहुंचेगी कॉलेज
कवर्धा। पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदुर में महाविद्यालय जाने वाली छात्राओं के लिए 12 अक्टूबर से निःशुल्क बस सेवा शुरू होगी। विधायक भावना बोहरा की पहल से शुरू होने वाली इस सुविधा का उद्देश्य दूरस्थ गांवों की छात्राओं को कॉलेज तक सुरक्षित और नियमित आवागमन की सुविधा देना है।
बस सेवा ग्राम अमनिया से शुरू होगी। इसके बाद नेऊर में कुशियारी और महीडबरा, दमगढ़ में लुढ़ुटोला और उपका तथा अमेरा, कुर्सीकछार और कुई की छात्राओं को लेकर बस कुई-कुकदुर महाविद्यालय पहुंचेगी। सेवा का लाभ लेने के लिए छात्राएं या उनके परिजन 9754462000 और 9755359004 पर संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं।
विधायक की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र में संचालित निःशुल्क बस सेवा से अब तक 1,500 से अधिक महाविद्यालयीन छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। वनांचल क्षेत्रों में परिवहन सुविधा की कमी के कारण छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए कुई-कुकदुर के लिए भी बस सेवा शुरू की जा रही है।

बेटियों की पढ़ाई में परिवहन बाधा न बने
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की कई छात्राओं के सामने कॉलेज तक सुरक्षित पहुंचना चुनौती है। परिवहन की सुविधा नहीं होने से समय और आर्थिक बोझ बढ़ता है तथा कई परिवार सुरक्षा की चिंता के कारण बेटियों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर भेजने में संकोच करते हैं। उनका कहना है कि निःशुल्क बस सेवा से छात्राओं को सुरक्षित परिवहन मिलेगा और परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।
उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा का बड़ा हिस्सा ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र में है, जहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। उनका लक्ष्य है कि साधनों के अभाव में किसी बेटी की पढ़ाई बीच में न छूटे।
भावना बोहरा ने क्षेत्र में संचालित अन्य जनसेवा योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि 8 निःशुल्क एंबुलेंस, साइंस पाठशाला, मोबाइल हेल्थ पैथ लैब, पंडरिया सेवा सदन और लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग जैसी सुविधाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं से जुड़े क्षेत्रों में काम किया जा रहा है।





