संभागायुक्त ने जिला पंचायत का किया औचक निरीक्षण, योजनाओं की प्रगति जांची

कवर्धा। दुर्ग संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने गुरुवार को जिला पंचायत कबीरधाम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जिला पंचायत की विभिन्न शाखाओं में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर तुलिका प्रजापति और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल भी मौजूद रहे।
संभागायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण और पंचायत शाखा के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने और निर्माण कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले में बने फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट के नियमित संचालन की जानकारी ली। उन्होंने स्लज परिवहन के लिए वाहन की व्यवस्था करने और प्लास्टिक यूनिट का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा। घर-घर कचरा संग्रहण से जुड़ी महिला स्वच्छाग्रहियों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश भी दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा में बताया गया कि जिले में अब तक 94,505 ग्रामीण परिवारों को पक्का आवास मिल चुका है। शेष आवासों का निर्माण जारी है। संभागायुक्त ने लंबित आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने और प्रधानमंत्री जनमन आवास के हितग्राहियों को प्रोत्साहित कर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। अनियमितता की शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने को भी कहा।

रोजगार गारंटी मिशन ग्रामीण के तहत जिले की 425 ग्राम पंचायतों में 1,015 निर्माण कार्य चल रहे हैं। इन कार्यों से 11,800 से अधिक ग्रामीणों को रोजगार मिलने की जानकारी दी गई। संभागायुक्त ने मजदूरी का समय पर भुगतान और ग्रामीणों की मांग के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पंचायत शाखा के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने पंचायत सचिवों की जानकारी ली। विभागीय जांच और निलंबन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपसंचालक पंचायत आकाश सोनी सहित जिला पंचायत की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





