
कवर्धा के सराफा कारोबारी को बनाया निशाना, 65.5 ग्राम सोने की चैन, अंगूठी और लॉकेट लेकर हुए थे फरार; दूसरा आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
कवर्धा। सोना डबल करने का लालच देकर सराफा कारोबारी से करीब 7 लाख रुपए के सोने के आभूषण ठगने के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूजा-पाठ के जरिए सोना दोगुना करने का भरोसा दिलाया और कारोबारी के 65.5 ग्राम सोने के जेवर लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 15 हजार रुपए बरामद किए हैं। घटना में शामिल दूसरा आरोपी अब भी फरार है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक सराफा लाइन निवासी छोटे लाल सोनी ने 6 अक्टूबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दो व्यक्ति उनके प्रतिष्ठान पहुंचे और पूजा-पाठ के माध्यम से सोना डबल करने का झांसा दिया। इसके बाद दुकान के सामने स्थित शक्ति मंदिर में पूजा-पाठ की प्रक्रिया कराई गई। इसी दौरान आरोपी सोने की चैन, अंगूठी और लॉकेट लेकर फरार हो गए। इन आभूषणों का कुल वजन 65.5 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 456/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान हसनैन नासिर अली ईरानी (18), निवासी भुसावल, जिला जलगांव, महाराष्ट्र के रूप में की।

स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को नोटिस तामील कराया गया था। पुलिस के अनुसार विवेचना में अपेक्षित सहयोग नहीं करने और नोटिस की शर्तों का पालन नहीं करने पर उसे हिरासत में लेकर कवर्धा लाया गया। पूछताछ में उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
48 हजार में मिला था हिस्सा, 15 हजार रुपए बरामद
पुलिस के मुताबिक धोखाधड़ी से मिली रकम में आरोपी का हिस्सा 48 हजार रुपए था। इसमें से शेष बची 15 हजार रुपए की राशि उसकी निशानदेही पर बरामद की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले का दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।





