किसानों के मुद्दों को गांव-गांव तक ले जाएगी किसान कांग्रेस, संगठन विस्तार की बनी रणनीति

किसान कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी बैठक में गन्ने के समर्थन मूल्य, खाद-बीज, बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर सहित किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा
कवर्धा। प्रदेश किसान कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला किसान कांग्रेस कमेटी कबीरधाम की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिला अध्यक्ष रवि चन्द्रवंशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को ग्राम स्तर तक मजबूत करने के साथ किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगामी आंदोलन और जनसंपर्क अभियान की रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रवि चन्द्रवंशी ने कहा कि किसानों के हक, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को गांव-गांव तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गन्ने के समर्थन मूल्य में वृद्धि, खेती की बढ़ती लागत, समय पर खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली कटौती और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के बीच पहुंचेंगे और उनकी आवाज उठाएंगे।
गांव-गांव होगा संगठन का विस्तार
बैठक में जिले के सभी विकासखंडों, मंडलों, सेक्टर और ग्राम पंचायत स्तर पर किसान कांग्रेस के संगठन विस्तार का अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में किसान सम्मेलन आयोजित कर किसानों की समस्याओं को दर्ज किया जाएगा और उनके निराकरण के लिए शासन-प्रशासन के समक्ष मांग रखी जाएगी।
स्मार्ट मीटर के विरोध में भी अभियान
बैठक में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में किसानों और आम उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर के विरोध से संबंधित फॉर्म भरवाने का निर्णय लिया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखते हुए सक्रिय जनसंपर्क करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार के साथ किसानों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करना कांग्रेस की प्राथमिकता है।
जिला महामंत्री मनीष शर्मा ने कहा कि बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। उन्होंने कहा कि किसान हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारी एकजुट होकर काम करेंगे।
बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष रवि चन्द्रवंशी, मनीष शर्मा, चेतन वर्मा, शारदा सोनवानी, शालिनी लहरे, प्रदेश सचिव मनोज राजपूत, संतोष चन्द्रवंशी, शीतेश, वाल्मीकि, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश पटेल, रमेश साहू, दीक्षित वैष्णव, हेमलाल साहू, नरेंद्र धुर्वे, कृष्णा बंजारे, संतोष साहू, जितु चन्द्रवंशी, शुषेन, सुरेश, शिवेंद्र सहित बड़ी संख्या में किसान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



