उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से उपचार के बहाने दुष्कर्म करने के आरोप में एक आयुर्वेदिक चिकित्सक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजन ने थाना लोहारा में शिकायत दर्ज कराई कि बिडोरा में आयुर्वेदिक उपचार करने वाला चिकित्सक बालक दास चंदेल इलाज के बहाने उसकी मानसिक रूप से अस्वस्थ पुत्री को अपने प्रभाव में लेकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करता रहा। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता और परिजनों के बयान सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने 15 जुलाई 2026 को आरोपी बालक दास चंदेल (35 वर्ष), निवासी ढोढमानवापारा को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
आरोपी को गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कबीरधाम पुलिस का कहना है कि महिलाओं, बालिकाओं और कमजोर वर्गों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।



