बिजली दर वृद्धि और बढ़े बिलों पर कांग्रेस का हमला, कहा- जनता पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ

कवर्धा। बिजली दरों में हालिया वृद्धि, बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बिजली दरें बढ़ाई जा रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं, किसानों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

प्रेस वार्ता में डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में कई बार वृद्धि की जा चुकी है। उनका दावा है कि हालिया बढ़ोतरी के तहत घरेलू और गैर-घरेलू दोनों श्रेणियों के उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार डाला गया है। उन्होंने कहा कि जून माह में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल सामान्य से कई गुना अधिक आए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी है।
साहू ने आरोप लगाया कि बिजली दरों में वृद्धि के साथ-साथ अतिरिक्त शुल्क भी लगाया गया है। उनका कहना है कि पहले से महंगाई का सामना कर रहे लोगों के लिए बढ़े हुए बिजली बिल नई परेशानी बन गए हैं। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान उपभोक्ताओं को राहत देने के प्रयास किए गए थे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से अधिक रीडिंग के आधार पर बिल भेजे जा रहे हैं। साथ ही बिना सहमति अनुबंध भार बढ़ाकर अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर सरकार चौबीस घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर बिजली कटौती और बढ़े हुए बिलों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन करने वाला राज्य होने के बावजूद उपभोक्ताओं को महंगी बिजली का सामना करना पड़ रहा है।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने बिजली दर वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर व्यवस्था की जांच कराने तथा बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी।
प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक ममता चंद्राकर, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष होरीराम साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक ठाकुर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



