विश्व साइकिल दिवस पर कबीरधाम पुलिस की फिटनेस रैली, अधिकारियों-कर्मचारियों ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कवर्धा। विश्व साइकिल दिवस और “Sunday on Cycle” अभियान के तहत रविवार को कबीरधाम पुलिस ने फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष साइकिल रैली एवं वॉकिंग कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हुई, जहां पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में निकली इस रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला, एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर, अखिलेश कौशिक, भूपत सिंह, रक्षित निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह सहित जिले के थाना और चौकी प्रभारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों और काली गार्डन क्षेत्र में पैदल वॉकिंग की गई। इसके बाद साइकिल रैली निकाली गई, जिसने शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों को फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली का समापन पुनः पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुआ।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि साइकिल केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और अनुशासित दिनचर्या का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिलिंग और शारीरिक गतिविधियां व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने आम नागरिकों से भी दैनिक जीवन में साइकिल और अन्य स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने फिट इंडिया, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



