कवर्धा विशेष

दूरस्थ वनांचल के बच्चों को अब मिलेगी बेहतर शिक्षा सुविधा, कोदवागोड़ान में बनेगा 100 सीटर बालक छात्रावास

विधायक भावना बोहरा ने ₹2.75 करोड़ के 100 सीटर बालक छात्रावास का किया भूमिपूजन

पंडरिया विधानसभा के वनांचल ग्राम कोदवागोड़ान में शिक्षा और अधोसंरचना विकास को नई दिशा देते हुए विधायक भावना बोहरा ने पीएम जनमन योजना अंतर्गत ₹2 करोड़ 75 लाख की लागत से बनने वाले 100 सीटर बालक छात्रावास का भूमिपूजन किया। इस छात्रावास के निर्माण से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुरक्षित आवास, बेहतर अध्ययन वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पहले छात्रों को विद्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब छात्रावास बनने से बच्चों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा, जिससे वे मन लगाकर पढ़ाई कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे सशक्त माध्यम है और विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत की जा रही है। छात्रावास निर्माण से क्षेत्र में शिक्षा का विस्तार होगा और अधिक विद्यार्थी पढ़ाई के लिए प्रेरित होंगे।

भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पीएम जनमन योजना वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों में विकास की नई किरण लेकर आई है। योजना के माध्यम से सड़क, आवास, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है। उन्होंने बताया कि वनांचल क्षेत्र की बेटियों की सुविधा के लिए आगामी सत्र से कुई-कुकदुर महाविद्यालय हेतु निःशुल्क बस सेवा भी शुरू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 171 किलोमीटर से अधिक सड़कों, 4 उच्चस्तरीय पुलों, 10 पुलियाओं, 3500 पीएम आवास, जल संसाधन परियोजनाओं और कई अन्य विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है, जिससे वनांचल क्षेत्रों का तेजी से विकास हो रहा है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष फलित साहू, सरपंच नंदिनी डहरिया, उपसरपंच नारायण साकत, शिव नंदन पांडेय, स्वतंत्र तिवारी, महेश यादव, सुखदेव धुर्वे, रामावतार साहू, गणपत करचाम, दिलीप पटेल, संतोष साहू, राजेंद्र साहू, तुलसी साहू, विकास तिवारी सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading