कवर्धा विशेषछत्तीसगढ़ प्रादेशिक

166 करोड़ की सौगात: 56 गांवों तक पहली बार पहुंचेगी पक्की सड़क, 55 सड़कें और 12 पुल-पुलिया का भूमिपूजन

कवर्धा। कबीरधाम जिले में सड़क नेटवर्क के विस्तार को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। जिले में 166 करोड़ रुपए की लागत से 55 बारहमासी सड़कों और 12 वृहत पुल-पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों के पूरा होने पर 56 गांवों तक पहली बार पक्की सड़क पहुंचेगी।

कार्यक्रम का आयोजन जशपुर के रणजीता स्टेडियम में हुआ, जहां से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (चतुर्थ चरण) और पीएम जनमन योजना के तहत सड़कों व पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों की शुरुआत की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से कवर्धा के पीजी कॉलेज डोम में आयोजित कार्यक्रम से जुड़े।

इन परियोजनाओं के तहत जिले के वनांचल क्षेत्र में करीब 121.76 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीण इलाकों में इससे आवागमन आसान होगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में भी सुधार आएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए सड़क सबसे महत्वपूर्ण आधार होती है। गांवों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने से न केवल आवागमन सुगम होता है, बल्कि रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच भी बेहतर होती है। उन्होंने ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही।

जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने कहा कि सड़कों के विस्तार से आने वाली पीढ़ियों को भी लाभ मिलेगा। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी ने कहा कि जिन गांवों में दशकों से सड़क नहीं पहुंची थी, वहां अब निर्माण कार्य शुरू होना बड़ी उपलब्धि है।

कार्यक्रम में कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुमार भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

जिले में सड़क और पुल-पुलिया निर्माण के इन कार्यों से ग्रामीण अंचलों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading