नपा अध्यक्ष खुद उतरे मैदान में: वार्ड 1 में घर-घर स्वच्छता अभियान, कचरा अलग रखने की अपील

कवर्धा। स्वच्छता को लेकर नगर पालिका परिषद कवर्धा ने डोर-टू-डोर अभियान शुरू किया है। इसके तहत नपा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने वार्ड क्रमांक 01 (रामनगर) में खुद मैदान में उतरकर घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान उन्होंने नागरिकों से बातचीत कर शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करने की अपील की। लोगों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने तथा निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने के लिए समझाइश दी गई। पालिका टीम ने भी स्वच्छता के महत्व और उसके स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी।

नपा अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता को आदत बनाना जरूरी है। जब तक हर नागरिक इसमें भागीदारी नहीं निभाएगा, तब तक शहर को स्वच्छ बनाना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि यह अभियान सभी वार्डों में चलाया जाएगा।
अभियान के दौरान वार्डवासियों में भी उत्साह देखने को मिला और कई लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान नपा उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, सभापति अजय ठाकुर, पार्षद डोनेश ठाकुर, योगेश चंद्रवंशी, सुनील साहू, संजीव कुर्रे, विधायक प्रतिनिधि गोलू यादव, स्वच्छता प्रभारी लियाकत अली, पीआईयू होमेश मानिकपुरी, राकेश ठाकुर, बिहारी राम धुर्वे, दुर्गेश अवस्थी सहित बड़ी संख्या में स्वच्छता दीदी और पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।



