कवर्धा विशेष

अचानकपुर में 20 दिन से अंधेरा, ग्रामीणों का सब्र टूटा, व्यवस्था सुधारने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कवर्धा। कबीरधाम जिले के अचानकपुर ग्राम पंचायत में बीते बीस दिनों से बिजली गुल है। ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। इस बिजली संकट ने ग्रामीणों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। बच्चों की पढ़ाई रुक गई है, किसानों की फसलें सूखने लगी हैं और खेतों में लगे पंप बंद पड़े हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ने सिर्फ आश्वासन दिया। शुरुआत में दो दिन में ट्रांसफार्मर बदलने का भरोसा दिया गया था, लेकिन बीस दिन गुजरने के बाद भी स्थिति जस की तस है। लगातार तारीख टलने से ग्रामीणों का सब्र जवाब दे चुका है।

इसी समस्या को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टोरेट पहुंचा और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष हुकुमत साहू के नेतृत्व में दिया गया। इसमें मांग की गई है कि तुरंत नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर विभाग ने जल्द ही कदम नहीं उठाए तो वे आंदोलन की राह अपनाने के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि बीस दिन तक अंधेरे में जीने के बाद भी समाधान न मिलना विभाग की बड़ी नाकामी है। वहीं मजबूरी में कुछ किसान निजी जनरेटर का सहारा लेकर सिंचाई कर रहे हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading