कवर्धा विशेष

7 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों ने विधायक भावना बोहरा को सौंपा ज्ञापन, वेतन विसंगति और पदोन्नति सहित कई मुद्दे उठाए

कवर्धा। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को पंडरिया विधायक भावना बोहरा को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा के नेतृत्व में शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मुलाकात कर लंबित मांगों के निराकरण के लिए पहल करने का आग्रह किया।

फेडरेशन ने बताया कि प्रदेशभर में सांसदों और विधायकों को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की समस्याओं से अवगत कराया जा रहा है। इसी क्रम में कबीरधाम जिले में भी विधायक भावना बोहरा को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में मोदी की गारंटी के तहत सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने, क्रमोन्नति वेतनमान लागू करने, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर सभी लाभ देने, विभागीय टीईटी आयोजित करने, वीएसके एप की तकनीकी समस्याएं दूर होने तक वेतन कटौती पर रोक लगाने, एकल शिक्षकीय विद्यालयों में अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था करने तथा वरिष्ठता के आधार पर शीघ्र पदोन्नति देने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान विधायक भावना बोहरा ने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में रखने के साथ-साथ उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा, कार्यकारी जिला अध्यक्ष केशलाल साहू, कवर्धा ब्लॉक अध्यक्ष लोकेंद्र चंद्रवंशी, अर्चना तिवारी, रश्मि केसरवानी, संजय साहू, रामचंद्र साहू, संजय राज, बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष धरमुदास कुर्रे, भुवनेश्वर भट्ट, संजय घावड़े सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading