कवर्धा विशेष

धर्मांतरण पर प्रहार – पंडरिया विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से 70 जनजातीय समाज की घर वापसी, पैर पखारकर किया अभिनंदन

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में धर्मांतरण कराने वालों पर कड़ा प्रहार करते हुए 70 से अधिक जनजातीय समाज के लोगों ने अपने मूल धर्म में वापसी की। सेवा दिवस के अवसर पर कुई-कुकदुर स्थित विशेष पिछड़ी जनजाति छात्रावास मैदान में आयोजित संस्कृति गौरव सम्मान एवं अभिनंदन समारोह में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने स्वयं पैर पखारकर इनका अभिनंदन किया।

प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं

कार्यक्रम के दौरान विधायक बोहरा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के युगांतकारी निर्णयों और जनकल्याणकारी नीतियों ने मातृशक्ति, युवाशक्ति, कृषक और आदिवासी समाज के सशक्तिकरण को नई दिशा दी है।

घर वापसी – संस्कृति और पहचान का पुनः सम्मान

विधायक बोहरा ने कहा – “घर वापसी केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि संस्कृति और पहचान को पुनः प्राप्त करने की दिशा में सशक्त कदम है। प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने की गतिविधियां हमारी संस्कृति और सभ्यता को कमजोर करती हैं। भाजपा सरकार ऐसे मंसूबों को कभी सफल नहीं होने देगी।”

धर्मांतरण रोकने के लिए सख्त कानून

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने 1968 के धर्म स्वतंत्रता अधिनियम में संशोधन का मसौदा तैयार किया

  • धर्म परिवर्तन से 60 दिन पहले जिला मजिस्ट्रेट को सूचना देना अनिवार्य होगा।
  • पुलिस को इरादे की जाँच का अधिकार होगा।
  • अवैध धर्म परिवर्तन पर 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।

जनजातीय समाज के लिए विकास कार्य

विधायक बोहरा ने वनांचल क्षेत्रों में अपने प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि –

  • निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा,
  • मोबाइल हेल्थ पैथ लैब,
  • 3300 से अधिक प्रधानमंत्री आवास,
  • पीएम जनमन योजना से करोड़ों की लागत से सड़क निर्माण,
  • शैक्षणिक सुविधाएं और अधोसंरचना विकास कार्य लगातार जारी हैं।

भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई

कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी ने विधायक बोहरा को बधाई देते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक पहल है, जो जनजातीय समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करेगी। पूर्व नगर संघचालक हरीश लुनिया ने कहा कि वर्षों से क्षेत्र में धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही थीं, जिन्हें रोकने का श्रेय भावना बोहरा को जाता है।
मंडल अध्यक्ष बसंत वटिया ने हाल ही में ग्राम सारपानी का भू-नक्शा लंबे समय से लंबित रहने की समस्या को विधायक के प्रयासों से हल करने का उल्लेख करते हुए उनकी संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।

भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी

इस अवसर पर नगर पालिका पंडरिया अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदिनी साहू, उपाध्यक्ष छत्रकिशोर तिवारी, महिला मोर्चा की पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading