कवर्धा विशेष

पंडरिया में ₹8.44 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, विधायक भावना बोहरा ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण

दो सड़कों के निर्माण के साथ आंगनबाड़ी व सामुदायिक भवन शुरू, कई गांवों को मिलेगी बारहमासी कनेक्टिविटी

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों की रफ्तार तेज हो गई है। विधायक भावना बोहरा ने बुधवार को ₹8 करोड़ 44 लाख 37 हजार की लागत से सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी भवन और सामुदायिक भवन के कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत ML-05 मेन रोड से रैतापारा तक 7.50 किमी सड़क के लिए ₹5.08 करोड़ तथा रेहुंटा से कुम्ही (पंडरिया) 4.86 किमी सड़क के लिए ₹3.13 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य शुरू किया गया। इसके अलावा कुम्ही में ₹11.69 लाख का आंगनबाड़ी भवन और ₹10 लाख का सामुदायिक भवन भी लोकार्पित किया गया।

इन सड़कों के बनने से पुतकी कला, पलानसरी, रैतापारा, कुम्ही, धोबघट्टी और रेहुंटा सहित आसपास के गांवों को पक्की व बारहमासी सड़क सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि कार्यों में सहूलियत होगी।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन सरकार गांवों तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, भवन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों की जिंदगी आसान होगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष नंदिनी साहू, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, राजेश्वरी धृतलहरे सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading