कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक करोड़ से अधिक मूल्य की अवैध तंबाकू और पान मसाला जब्त, ट्रक चालक गिरफ्तार

कवर्धा। जिले की कुकदूर पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹1.04 करोड़ से अधिक मूल्य की अवैध तंबाकू और पान मसाला से भरा ट्रक जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत संपत्ति जप्त कर ली है और मामले की जांच तेज़ कर दी गई है।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह धनेश्री के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। कुकदूर थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दिल्ली-पंजाब-आसाम रोड लाइंस से जुड़े एक संदिग्ध ट्रक (क्रमांक HR 55 AK 9119) को रोका।
जांच के दौरान ट्रक में कुल 190 बोरियों में पान मसाला (लगभग 15,96,000 पाउच, अनुमानित कीमत ₹63.84 लाख) और 38 बोरियों में च्युइंग तंबाकू (लगभग 15,96,000 पाउच, अनुमानित कीमत ₹15.96 लाख) बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त ट्रक की कीमत लगभग ₹25 लाख आंकी गई है। इस तरह कुल जप्त संपत्ति की कीमत ₹1,04,80,000 से अधिक बताई गई है।
पुलिस ने ट्रक चालक सुरजीत सिंह, निवासी बड़ाखेड़ा, थाना मलावन, जिला एटा (उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लिया है। पूछताछ में वह माल से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह माल दिल्ली से कटक (उड़ीसा) ले जाया जा रहा था और प्रथम दृष्टया यह तस्करी का मामला प्रतीत हो रहा है।
ट्रक को थाना परिसर में खड़ा कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भी तलाश कर रही है और इस अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।



