जमीन के मुआवजे की लालच में भतीजे ने पत्नी संग मिलकर की चाचा की हत्या, कबीरधाम पुलिस ने किया खुलासा

कवर्धा|कबीरधाम जिले के प्रभाटोला गांव में जमीन के मुआवजे की लालच में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक भतीजे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर चाचा की हत्या कर दी। पुलिस ने इस जघन्य अपराध का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 2 जून को प्रभाटोला निवासी साहेबदास कुर्रे ने पुलिस चौकी पोंडी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके चाचा अगमदास कुर्रे की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। मर्ग जांच के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जब मृत्यु का कारण ‘हत्यात्मक’ पाया गया, तब थाना बोडला में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन में, एएसपी पुष्पेन्द्र बघेल, पंकज पटेल और एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विमल लावनिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर मृतक के भतीजे साहेबदास कुर्रे (45 वर्ष) और उसकी पत्नी सरोज बाई (42 वर्ष) से पूछताछ की गई। सख्ती से पूछे जाने पर दोनों ने जमीन के मुआवजे की रकम हड़पने के लिए अगमदास की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, साहेबदास ने टंगिया से हमला कर अपने चाचा की जान ली। घटना में प्रयुक्त धारदार टंगिया और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 09 JR 8364) उसके घर से बरामद की गई। साथ ही, सरोज बाई के घटनास्थल पर पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
दोनों को 11 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- साहेबदास कुर्रे, पिता स्व. पुरनदास कुर्रे, उम्र 45 वर्ष
- सरोज बाई कुर्रे, पत्नी साहेबदास कुर्रे, उम्र 42 वर्ष
(निवासी – प्रभाटोला, चौकी पोंडी, थाना बोडला, जिला कबीरधाम)
जांच दल में शामिल अधिकारी:
- निरीक्षक मनीष मिश्रा (प्रभारी, साइबर सेल)
- उपनिरीक्षक विमल लावनिया (चौकी प्रभारी)
- सउनि संदीप चौबे, एएसआई संजीव तिवारी
- प्रधान आरक्षक लवकेश खरे, मनोज महोबिया, चुम्मन साहू
- आरक्षक पुरन डाहीरे, राहुल कश्यप
- सैनिक रमेनद्र चंद्रवंशी
- महिला आरक्षक हुलसी चंद्रवंशी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह हत्या पारिवारिक लोभ का परिणाम है और ऐसे मामलों में पुलिस सजगता से कार्रवाई कर रही है। मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं।



