कवर्धा विशेष

शिक्षक दिवस पर 1600 से अधिक शिक्षकों का सम्मान, भावना दीदी की साइंस पाठशाला का शुभारंभ

पंडरिया में विधानसभा स्तरीय शिक्षा अभिनंदन समारोह; 67 उत्कृष्ट शिक्षक, 50 सेवानिवृत्त शिक्षक और 8 शिक्षा दूत समेत कई शिक्षक हुए सम्मानित

कवर्धा। शिक्षक दिवस के अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा की ओर से पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, उड़ियाकला में विधानसभा स्तरीय शिक्षा अभिनंदन समारोह-2026 आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधानसभा के 1600 से अधिक शिक्षकों का सम्मान किया गया। वहीं, ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ की पहली कार्यशाला भी आयोजित हुई।

67 उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान

समारोह में विधायक भावना बोहरा ने सितंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 67 शिक्षकों का सम्मान किया। इसके अलावा विधानसभा के सातों मंडलों से सेवानिवृत्त हुए 50 शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में विपरीत परिस्थितियों के बीच शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों के साथ मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण-2026 के 8 शिक्षा दूत और 1 ज्ञान दीप पुरस्कार प्राप्त शिक्षक भी सम्मानित हुए। बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत परिणाम देने वाले 8 विद्यालयों के प्राचार्यों का भी अभिनंदन किया गया।

ड्रोन, रोबोटिक्स और AI से जुड़ेंगे विद्यार्थी

कार्यक्रम के दौरान भावना दीदी की साइंस पाठशाला की पहली कार्यशाला में शिक्षकों ने ड्रोन, रोबोटिक्स, AI और 3D आर्ट जैसी आधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया। इसके माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के करीब 5 हजार विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष भविष्य की तकनीक और आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

‘शिक्षक ज्ञान और राष्ट्र निर्माण के शिल्पकार’

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का निर्माण करते हैं। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षकों का योगदान सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए निःशुल्क बस सेवा और IIT-JEE, NEET व CGPSC की निःशुल्क कोचिंग जैसी पहल भी संचालित की जा रही हैं। संकल्प है कि अवसरों के अभाव में पंडरिया विधानसभा का कोई विद्यार्थी पीछे न रहे।

कार्यक्रम में शिक्षकों के साथ संवाद कर उनके सुझाव और अनुभव भी लिए गए। जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, शिक्षक, उनके परिजन और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading