कवर्धा विशेष

प्रकाश वर्मा की विदाई, यशवंत सिंह ठाकुर बने जिला प्रेस क्लब के नए अध्यक्ष

कवर्धा। जिला प्रेस क्लब कवर्धा (पंजीयन क्रमांक 14548) की आमसभा रविवार को आयोजित की गई। आमसभा में पूर्व कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नई प्रबंधकारिणी के निर्वाचन को लेकर सदस्यों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पूर्व अध्यक्ष प्रकाश वर्मा एवं कोषाध्यक्ष डी.एन. योगी के कार्यकाल को लेकर सदस्यों ने मनमानी और आर्थिक अनियमितताओं के आरोप उठाए। चर्चा के बाद दोनों को पद से मुक्त कर पूर्व कार्यकारिणी को भंग करते हुए नई कार्यकारिणी का गठन करने का निर्णय लिया गया।

बताया गया कि जिला प्रेस क्लब की पूर्व कार्यकारिणी का तीन वर्ष का कार्यकाल 7 जून 2026 को समाप्त हो चुका है। संस्था की ओर से इस संबंध में फर्म एवं सोसायटी कार्यालय दुर्ग को अवगत कराया गया था। सदस्यों के अनुसार, रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से मौखिक रूप से प्रबंध कमेटी का निर्वाचन कर उसकी जानकारी इस कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे।

आमसभा में सदस्यों ने आरोप लगाया कि कार्यवाहक अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष की ओर से निर्वाचन को लेकर कोई गतिविधि नहीं की गई और पदाधिकारियों को भी इसकी सूचना नहीं दी गई। इसके बाद प्रबंध कमेटी के बहुमत के आधार पर सभी सदस्यों को सूचना देकर 6 सितंबर 2026 को आमसभा आयोजित की गई।

सर्वसम्मति से पूर्व अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष को पदमुक्त करने का निर्णय

आमसभा में अध्यक्ष प्रकाश वर्मा एवं कोषाध्यक्ष डी.एन. योगी के कार्यकाल को लेकर सदस्यों ने गंभीर आपत्तियां दर्ज कराईं। सदस्यों की ओर से दोनों पर मनमानी तरीके से संस्था का संचालन करने और आर्थिक अनियमितताओं के आरोप लगाए गए।

बैठक में सदस्यों ने इन मामलों की जांच की मांग भी रखी। विस्तृत चर्चा के बाद उपस्थित सदस्यों ने प्रकाश वर्मा एवं डी.एन. योगी को उनके पदों से मुक्त करने तथा पूर्व कार्यकारिणी को भंग करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया। इसके बाद जिला प्रेस क्लब के संचालन के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

यशवंत सिंह ठाकुर को मिली अध्यक्ष की कमान

नई प्रबंधकारिणी के निर्वाचन का प्रस्ताव आमसभा में रखा गया। प्रस्ताव पर चर्चा के बाद उपस्थित सदस्यों की सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

  • अध्यक्ष: यशवंत सिंह ठाकुर
  • उपाध्यक्ष: बसंत नामदेव, इमरान खान, बृजभूषण गुप्ता
  • सचिव: विजय धृतलहरे
  • सहसचिव: सत्येंद्र बडघरे
  • कोषाध्यक्ष: श्याम टंडन
  • कार्यकारी अध्यक्ष: देवेंद्र चंद्रवंशी
  • कार्यकारी उपाध्यक्ष: आदिल खान

प्रबंध कार्यकारी सदस्य: सूर्या गुप्ता, मुकेश माहिले, पदमराज जायसवाल, रामावतार साहू, विकास सोनी, पवन तिवारी और जीवन साहू।

संरक्षक: अमिताभ नामदेव और मानिकदास मानिकपुरी।

जिला प्रेस भवन की आय को लेकर भी उठे सवाल

आमसभा के दौरान जिला प्रेस भवन से जुड़े वित्तीय मामलों पर भी सदस्यों ने चर्चा की। सदस्यों का आरोप है कि भवन के तीन कॉम्प्लेक्स और ऊपर स्थित हॉल को किराए पर दिए जाने से प्राप्त राशि के उपयोग में पारदर्शिता नहीं रही।

सदस्यों ने आरोप लगाया कि भवन के निजी उपयोग और किराये से प्राप्त राशि के संबंध में पिछले 2-3 वर्षों से वित्तीय जांच की मांग की जाती रही है। इस संबंध में फर्म एवं सोसायटी कार्यालय दुर्ग में शिकायत एवं ज्ञापन दिए जाने की बात भी सदस्यों ने कही।

आमसभा में सदस्यों ने इन वित्तीय मामलों की जांच कराने की मांग दोहराई और पूर्व पदाधिकारियों को पदमुक्त कर नई कार्यकारिणी गठित करने का निर्णय लिया।

नई कार्यकारिणी के गठन पर सदस्यों ने जताई खुशी

नई कार्यकारिणी के गठन पर जिला प्रेस क्लब के सदस्यों ने खुशी जाहिर की। सदस्यों ने इसे संगठन के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी के कार्यकाल में क्लब की गतिविधियों में पारदर्शिता और सक्रियता बढ़ेगी।

इस दौरान नीरज शर्मा, फिरोज खान, लव कुमार योगी, ऋषिकांत कुंभकार, मुकेश अवस्थी, आशु चंद्रवंशी, हिमांशु ठाकुर, अभिषेक धृतलहरे, जितेंद्र धृतलहरे, अनवर खान, जयप्रकाश बारले, जयप्रकाश पोर्ते, अशोक मानिकपुरी, जलेश साहू, अमरजीत सिंह, दीपक माग्रे, पदमराज सिंह ठाकुर, अशोक निर्मलकर, हरिप्रसाद तिवारी, राजू चंद्रवंशी, सुनील नामदेव, राकेश साहू, मो. वाजिद, रामकुमार टंडन, बलराम चंद्रवंशी, सुरेश गुप्ता और सोनू गुम्बर सहित अन्य सदस्यों ने खुशी जाहिर की।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading