कामठी गांव में दुर्गा पंडाल को लेकर विवाद, महिला आरक्षक घायल – एसपी बोले: “आस्था से खिलवाड़ नहीं होने देंगे”

कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना अंतर्गत ग्राम कामठी में नवरात्रि के अवसर पर एक बार फिर विवाद की स्थिति बन गई। यहां गोंडवाना समाज से जुड़े लोगों ने दुर्गा पंडाल को उखाड़ दिया, जिससे पटेल समाज के लोग आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया और पुलिस बल की मौजूदगी में ग्रामीणों ने एसडीओपी का कॉलर पकड़कर बदसलूकी की, वहीं एक गर्भवती महिला आरक्षक का हाथ टूट गया।
ग्राम कामठी में लंबे समय से मंदिरों को लेकर गोंडवाना समाज और पटेल समाज के बीच तनाव बना हुआ है। गांव में कई हिंदू मंदिर हैं, जहां ग्रामीण पूजा-अर्चना करते हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से गोंडवाना समाज इन मंदिरों पर अपना अधिकार जताकर उनका नया नामकरण कर रहा है और मंदिरों में सतरंगी झंडा लगाकर अपने देवी-देवताओं का दावा करता है। इसी वजह से दोनों पक्षों के बीच विवाद बार-बार होता रहा है।
इस बार भी नवरात्रि की शुरुआत से पहले पंडाल स्थापना को लेकर विवाद खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से जुड़े लोगों ने गुरुवार सुबह दुर्गा पंडाल उखाड़ फेंका, जिसके बाद पटेल समाज के लोग विरोध में उतर आए। पुलिस बल गांव में तैनात किया गया, लेकिन गुस्साए ग्रामीण पुलिस से भिड़ गए। पुलिस के हल्का बल प्रयोग करने से दोनों पक्षों के लोग घायल हुए और एक लड़की के हाथ में भी चोट आई।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और लॉ एंड ऑर्डर संभाला। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुर्गा पंडाल गांव में ही स्थापित होगा और आस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि उपद्रव की मंशा रखने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और धार्मिक परंपरा एवं श्रद्धा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी हालत में माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी और धार्मिक आयोजन निर्विघ्न संपन्न कराए जाएंगे।



