कवर्धा विशेष

“प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हो रहा आशियाने का सपना” : चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को नगर पालिका अध्यक्ष ने सौंपी निर्माण अनुज्ञा

कवर्धा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर पालिका कवर्धा क्षेत्र के चयनित हितग्राहियों को बुधवार को भवन निर्माण अनुज्ञा प्रदान की गई। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने हितग्राहियों को उनके नए आशियाने की अनुमति पत्र सौंपते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल एवं पार्षद प्रतिनिधि सोनु उपाध्याय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्री चंद्रवंशी ने योजना की प्रक्रिया, हितग्राहियों को मिलने वाली कुल राशि, किस्तों की संख्या एवं भुगतान की समय-सीमा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को साकार करती यह योजना देश के हर गरीब, वंचित और बेघर व्यक्ति के लिए वरदान बनकर सामने आई है। यह योजना न केवल एक पक्का घर प्रदान कर रही है, बल्कि एक सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन की नींव भी रख रही है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने हितग्राहियों से आग्रह किया कि वे आवंटित राशि का सदुपयोग करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तायुक्त निर्माण कार्य करें, ताकि उनका सपना जल्द ही साकार हो सके।

श्री चंद्रवंशी ने योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा राज्य सरकार की सक्रियता एवं पारदर्शिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता, निरंतर निगरानी और ज़मीनी स्तर पर की जा रही मेहनत के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं कवर्धा नगर में प्रभावशाली ढंग से लागू की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कवर्धा नगर को ‘सभी के लिए आवास’ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर किया जाएगा, जिससे हर परिवार को स्वच्छ, सुरक्षित और पक्की छत का सपना पूरा हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading