कबीरधाम में प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या का प्रयास

जंगल में ले जाकर दुपट्टे से गला दबाया, पत्थरों के बीच फेंका; डायल 112 की तत्परता और स्थानीय युवकों की सजगता से बची जान
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की गई। आरोपी उसे जंगल में फेंककर फरार हो गए, लेकिन स्थानीय युवकों की सूझबूझ और डायल 112 की तत्परता से युवती की जान बच गई। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
शादी समारोह में आई थी युवती, जंगल ले जाकर किया हमला
घटना 21 मई 2025 की है। युवती शादी समारोह में शामिल होने के लिए मुनमुना (थाना कुकदूर) क्षेत्र में आई थी। अगले दिन 22 मई की शाम वह अपने पुराने परिचित रवि मरकाम के घर गई, जहां रवि मौजूद नहीं था। बाद में रवि ने उसे फोन कर बुलाया और अपने साथी अजीत मरकाम के साथ गाड़ी में बैठाकर बदौरा जंगल की ओर ले गया।
शादी को लेकर विवाद, गला दबाकर मरा समझकर छोड़ आए
जंगल में रवि और युवती के बीच शादी कर साथ रहने को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर रवि ने मारपीट की और दुपट्टे से युवती का गला दबा दिया। युवती बेहोश हो गई। आरोपी उसे मरा समझकर जंगल की एक पत्थरनुमा खोह में फेंककर भाग गए।
युवकों की सजगता और डायल 112 की त्वरित कार्रवाई
23 मई की शाम कुछ स्थानीय युवक पिकनिक मनाने बदौरा जंगल पहुंचे। वहां उन्होंने युवती की हल्की आवाज सुनी। साहस दिखाते हुए युवती को बाहर निकाला और डायल 112 को सूचना दी। 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया लाया गया, जहां से जिला अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया। फिलहाल युवती बयान देने की स्थिति में नहीं है, लेकिन प्रारंभिक पूछताछ में उसने घटना की पुष्टि की है।
दो आरोपी हिरासत में, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन में, एएसपी श्री पुष्पेन्द्र बघेल और एसडीओपी श्री भूपत सिंह धनेश्रि के मार्गदर्शन में थाना कुकदूर द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों रवि मरकाम (20 वर्ष) और अजीत मरकाम को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 109(1), 140(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। उन्हें शीघ्र न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसपी ने युवकों की सराहना की, आम जनता से अपील
एसपी श्री सिंह ने जंगल में पिकनिक मना रहे युवकों की सजगता की सराहना की, जिनकी वजह से एक युवती की जान बच पाई। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



