
फरवरी 2024 में युवती से ऑनलाइन और नकद लिए थे रुपए; शिकायत के बाद से फरार था आरोपी, पुलिस के मुताबिक पूरी रकम लौटाई
कवर्धा। पुलिस भर्ती में निर्धारित लंबाई (हाइट) कम होने पर छूट दिलाने का भरोसा देकर युवती से 30 हजार रुपए लेने का मामला सामने आया है। करीब दो साल पुराने इस मामले में कवर्धा पुलिस ने फरार आरोपी को अंबिकापुर से पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने युवती को भर्ती में छूट दिलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन न तो छूट मिली और न ही नौकरी से जुड़ा कोई लाभ।
ऑनलाइन और नकद लिए थे 30 हजार रुपए
मामला कवर्धा की निर्मला साहू की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी चंदन टोप्पो ने 5 से 17 फरवरी 2024 के बीच पुलिस भर्ती में हाइट की छूट दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल 30 हजार रुपए लिए। बाद में जब छूट नहीं मिली तो युवती ने 21 जुलाई 2024 को कवर्धा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दो साल बाद अंबिकापुर में मिला आरोपी
पुलिस ने चंदन टोप्पो (37), निवासी अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वह मूल रूप से सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी की बात स्वीकार की और युवती के खाते में 30 हजार रुपए के साथ अतिरिक्त 5,700 रुपए लौटाने की जानकारी दी। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान
पुलिस भर्ती या किसी भी सरकारी नौकरी में चयन, शारीरिक मापदंडों में छूट अथवा नियुक्ति कराने का दावा करने वालों से सतर्क रहने की जरूरत है। भर्ती के नियमों के विरुद्ध लाभ दिलाने का भरोसा देकर पैसे मांगना ठगी का तरीका हो सकता है। पुलिस ने ऐसे मामलों में पैसे देने के बजाय संबंधित विभाग से आधिकारिक जानकारी लेने और ठगी होने पर थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।





