
कुसुमघटा में 6 और कुटकीपारा में 3 लोग पकड़े गए; जिले के अलग-अलग इलाकों में अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक शराबखोरी पर भी कार्रवाई
कवर्धा। जिले में जुआ और शराब से जुड़ी गतिविधियां अलग-अलग इलाकों में सामने आई हैं। कुसुमघटा बाजार के पास जुआ खेल रहे छह लोगों के पास से 88,800 रुपए मिले, जबकि कुटकीपारा में तीन लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाते पकड़े गए। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 93,080 रुपए जब्त किए हैं। इसके अलावा अवैध शराब रखने, सार्वजनिक जगह पर शराब पीने और दूसरों को शराब पीने की जगह उपलब्ध कराने के मामले भी सामने आए हैं।
कुसुमघटा में 88 हजार रुपए का जुआ
कुसुमघटा बाजार के पास गोकुल मरकाम, अनिकेत चंद्रवंशी, निपेंद्र निर्मलकर, राजेंद्र निषाद, सनत कुमार वर्मा और सागर प्रसाद जायसवाल रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। साइबर टीम और चौकी पोड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छह लोगों को पकड़ा। इनके पास और जुआ फड़ से 88,800 रुपए जब्त किए गए। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
कुटकीपारा में ताश के पत्तों पर लगा रहे थे दांव
कवर्धा के ग्राम कुटकीपारा में बीरबल साहू, करण साहू और रामझुल साहू सार्वजनिक स्थान पर ताश के 52 पत्तों से जुआ खेलते मिले। पुलिस ने इनके पास से 4,280 रुपए और ताश की गड्डी जब्त की। इस मामले में अपराध क्रमांक 540/26 दर्ज किया गया है।

शराब के मामलों में अलग-अलग जगह कार्रवाई
कवर्धा के नए बस स्टैंड पर सार्वजनिक स्थान में शराब पीते विष्णु चंद्राकर के खिलाफ कार्रवाई की गई। भुरकुड़ा तिराहा में देवपाल चंद्राकर के पास बिक्री के लिए रखी 6,120 मिलीलीटर शराब मिली, जिसकी कीमत 2,720 रुपए बताई गई है।
लघान में धन्नु निषाद के पान ठेले के सामने लोगों को शराब पीने की सुविधा देने के मामले में कार्रवाई हुई। पंडरिया के दलपी में भुरेलाल साकत की दुकान के सामने शराब पीने की जगह उपलब्ध कराने और फुलचंद साकत के सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के मामले में भी कार्रवाई की गई। पोड़ी में भुरादास कोसले के खिलाफ भी लोगों को शराब पीने की सुविधा देने पर मामला दर्ज किया गया।
जिले में एक ही कार्रवाई अभियान के दौरान जुआ और शराब से जुड़े ये मामले सामने आए। जुआ के दो मामलों में 9 लोग पकड़े गए और 93,080 रुपए जब्त हुए। शराब से जुड़े छह मामलों में भी अलग-अलग थानों और चौकियों में कार्रवाई की गई।





