जलेश्वर महादेव परिसर का 55.20 लाख रुपए से होगा विकास, विधायक भावना बोहरा ने किया भूमिपूजन

डोंगरियाकला में प्रवेश द्वार, सीसी रोड, पेवर ब्लॉक, पेयजल और सोलर लाइट सहित सात कार्यों की शुरुआत; मंदिर परिसर में 38 लाख से भवन निर्माण भी अंतिम चरण में
कबीरधाम। पंडरिया विधानसभा के ग्राम डोंगरियाकला स्थित जलेश्वर महादेव परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने और परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए 55.20 लाख रुपए के विकास कार्य कराए जाएंगे। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने इन कार्यों का भूमिपूजन किया। योजना में मंदिर तक पहुंच मार्ग, भव्य प्रवेश द्वार, पेयजल व्यवस्था, चेकर टाइल्स और सोलर स्ट्रीट लाइट सहित सात कार्य शामिल हैं।
प्रवेश द्वार से लेकर सड़क और पेयजल तक के काम
भूमिपूजन के दौरान जिन कार्यों की शुरुआत की गई, उनमें 6 लाख रुपए की लागत से भव्य प्रवेश द्वार, 14 लाख रुपए से महादेव मंदिर से बीटी रोड तक सीसी रोड और 10 लाख रुपए से सात सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार शामिल है। इसके अलावा मंदिर और मेला परिसर में 5 लाख रुपए से जलसंवर्धन, पानी टंकी और पेयजल व्यवस्था, 10 लाख रुपए से चेकर टाइल्स व पेवर ब्लॉक तथा 5 लाख रुपए से सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। अनुज के घर से मोहित साहू के घर तक 5.20 लाख रुपए से सीसी रोड भी बनाई जाएगी।
मंदिर परिसर में 38 लाख का भवन निर्माण अंतिम चरण में

विधायक भावना बोहरा ने बताया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए 38 लाख रुपए की लागत से भवन निर्माण कराया जा रहा है। यह काम पूर्णता की ओर है और जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा।

विकास के साथ धार्मिक विरासत पर जोर
विधायक ने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है। धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी जरूरी है। जलेश्वर महादेव जैसे आस्था के केंद्र सामाजिक एकता और परंपराओं से जुड़े हैं। परिसर में सुविधाएं बढ़ने से श्रद्धालुओं के साथ मेले और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने वाले लोगों को भी सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक स्थलों के विकास पर भी काम किया जा रहा है। डोंगरियाकला में ये कार्य क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप कराए जा रहे हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम में सर्व कुर्मी क्षत्रिय समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष लालजी चंद्रवंशी, जिला पंचायत सभापति पूर्णिमा मनीराम साहू, नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष सरिता सोनी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप पुरी गोस्वामी, जनपद सदस्य रानी चंद्रवंशी, मंडल महामंत्री भागीरथी साहू, रविशंकर चंद्रवंशी, रामकुमार चंद्रकार, मुरली चंद्राकर, सरपंच बैजनाथ चंद्रवंशी, उपसरपंच लक्ष्मीन निर्मलकर सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।





