
आलमारी का लॉक तोड़कर ले गया 50 तोला चांदी की पैरी, ज्वेलर्स के यहां 38 हजार रुपए में रखी गिरवी; रकम खाने-पीने में खर्च की
कवर्धा। दुर्गा विसर्जन देखने गया परिवार जब घर लौटा तो आलमारी टूटी मिली और सामान बिखरा पड़ा था। लॉकर में रखी करीब 50 तोला चांदी की पैरी गायब थी। घर में चोरी करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार के मवेशी चराने वाला युवक निकला। उसे पहले से पता था कि घर में सोने-चांदी के आभूषण कहां रखे जाते हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने चोरी की और जेवर कवर्धा के एक ज्वेलर्स के यहां 38 हजार रुपए में गिरवी रख दिए।
मामला ग्राम छिरहा का है। रोहित पटेल 20 अक्टूबर को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर दुर्गा विसर्जन देखने गए थे। दोपहर करीब 1 बजे लौटे तो गोदरेज आलमारी का लॉक टूटा हुआ था। सामान बिस्तर पर बिखरा था। जांच करने पर लॉकर में रखी करीब 50 हजार रुपए कीमत की चांदी की एक जोड़ी पैरी गायब मिली। चोर घर की उस खिड़की से अंदर दाखिल हुआ था, जिसमें लोहे की रॉड नहीं लगी थी।
मवेशी चराने के दौरान मिली घर की जानकारी

पुलिस के अनुसार, संजू यादव (23) निवासी ग्राम छिरहा, रोहित पटेल के मवेशी चराने का काम करता था। कभी-कभी गाय का दूध निकालने के लिए घर भी जाता था। इसी दौरान उसे जानकारी हुई कि परिवार सोने-चांदी के आभूषण आलमारी में रखता है। इसके बाद उसने चोरी की योजना बनाई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 20 अक्टूबर को गांव के लोग दुर्गा विसर्जन देखने गए थे। वह सुबह करीब 11:20 बजे रोहित पटेल के घर पहुंचा। गाय के कोठे के ऊपर चढ़कर सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुआ और गोदरेज आलमारी का लॉक हाथ से तोड़कर चांदी की पैरी चोरी कर ली।
20 हजार रुपए पहले लिए, फिर तीन बार और पहुंचा ज्वेलर्स के पास
चोरी के बाद आरोपी कवर्धा पहुंचा और नवकार ज्वेलर्स में पैरी को अपना बताकर गिरवी रख दिया। पुलिस के मुताबिक, उसने दशहरा त्योहार में पैसों की जरूरत बताकर पहले 20 हजार रुपए लिए। इसके बाद 25 अक्टूबर को 1 हजार, 28 अक्टूबर को 2 हजार और 2 नवंबर को 15 हजार रुपए और प्राप्त किए। इस तरह कुल 38 हजार रुपए मिले। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने पूरी रकम खाने-पीने में खर्च कर दी।
आरोपी ने गिरवी रखने की पर्ची भी पुलिस को दी और जेवर दिखाने के लिए ज्वेलर्स तक चलने की बात कही।
शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
रोहित पटेल की शिकायत पर सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 537/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305 और 331(3) में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान संदेहियों से पूछताछ में संजू यादव की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।





