
मोहगांव में महिला की गला दबाकर और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या; पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल टंगिया और खून लगे कपड़े किए जब्त
कवर्धा। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके जेठ को वारदात के कुछ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गांव के पास नहर किनारे छिपा हुआ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने पारिवारिक रंजिश और शक के चलते अपनी भाभी की हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी (टंगिया) और आरोपी के खून लगे कपड़े भी जब्त किए हैं।
मामला 2 नवंबर 2026 का है। पुलिस के मुताबिक, बीरसिंग निषाद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी हेमलता निषाद की हत्या उसके बड़े भाई देवसिंग निषाद ने कर दी है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
गला दबाया, फिर कुल्हाड़ी से किया हमला
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया था। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर उसकी तलाश शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल टीम की मौजूदगी में जांच की गई। मौके से खून के निशान, टूटी चूड़ियां और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान देवसिंग पर संदेह सामने आया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी गांव के पास नहर किनारे छिपा हुआ मिला। घेराबंदी कर उसे पकड़ने के बाद घटनास्थल पर लाया गया, जहां पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि हेमलता को लेकर उसके मन में शक था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में उसने पहले गला दबाया, फिर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हत्या में इस्तेमाल टंगिया और खून लगे कपड़े जब्त
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवसिंग निषाद (30), निवासी ग्राम मोहगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल टंगिया और घटना के समय पहने हुए खून लगे शर्ट व हाफ पैंट जब्त किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पहले भी दर्ज हुआ था छेड़छाड़ का मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी देवसिंग निषाद पूर्व में भी अपनी भाभी हेमलता निषाद से जुड़े छेड़छाड़ के एक मामले में जेल जा चुका था। पुलिस ने हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश और शक को प्रारंभिक वजह बताया है। मामले की विवेचना जारी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा सहित थाना पुलिस और एफएसएल टीम की भूमिका रही।





