घर में चल रही थी अवैध शराब की बिक्री, पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ा

कवर्धा। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भोरमदेव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बीयर, अंग्रेजी शराब और नगदी रकम बरामद की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चिखली निवासी परमेश्वर साहू अपने घर से संचालित दुकान में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब और बीयर बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ग्राम चिखली पहुंचकर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान परमेश्वर साहू को दुकान के सामने शराब बिक्री करते हुए पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 12 बोतल ब्लैक बस्टर बीयर और 3 पौवा गोल्डन टच अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 2 हजार 140 रुपये नगद भी जब्त किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी शराब रखने और बिक्री करने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने कुल 8.340 लीटर शराब और नगदी रकम जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। मामले की विवेचना जारी है।



