कवर्धा विशेषक्राइम सेल

पीएसीएल चिटफंड घोटाले में कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो एजेंट गिरफ्तार

कवर्धा। आम लोगों को रकम दोगुनी करने और अधिक ब्याज का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले पीएसीएल चिटफंड मामले में कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को उत्तरप्रदेश की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामला पल्स एग्रोटिक कार्पोरेशन लिमिटेड (पीएसीएल) कंपनी से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी के एजेंटों और संचालकों ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को कम समय में पैसा दोगुना होने और आकर्षक लाभ का झांसा देकर निवेश कराया, लेकिन बाद में निवेशकों की रकम वापस नहीं की गई।

इस संबंध में ग्राम महराटोला निवासी ढेलउ राम साहू ने थाना कवर्धा और ग्राम धनेली निवासी पुनीता बाई ने थाना कुंडा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, इनामी चिटफंड एवं धन परिचालन योजना अधिनियम तथा निक्षेपकों के हित संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान सामने आया कि कंपनी द्वारा जिले के 13 हजार 275 जमाकर्ताओं से करीब 29 करोड़ 72 लाख 41 हजार 178 रुपये जमा कराए गए थे। आरोप है कि कंपनी ने निवेशकों को तय राशि और ब्याज वापस नहीं किया।

पुलिस जांच में पहले ही कंपनी के कई संचालकों और एजेंटों के खिलाफ विशेष न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है। इसी कड़ी में जांच के दौरान आरोपी गुरनाम सिंह और गुरूजंत सिंह गिल के उत्तरप्रदेश के उरई जिला जालौन जेल में बंद होने की जानकारी मिली। इसके बाद कबीरधाम पुलिस की विशेष टीम प्रोडक्शन वारंट लेकर वहां पहुंची और न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी कर दोनों आरोपियों को कबीरधाम लाई।

गिरफ्तार आरोपियों में गुरनाम सिंह निवासी रूपनगर (रोपड़) पंजाब और गुरूजंत सिंह गिल निवासी मोहाली पंजाब शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Subscribe