कवर्धा विशेष

नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, मोदी-धर्मेंद्र प्रधान का फूंका पुतला

कवर्धा। नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर एनएसयूआई ने बुधवार को कवर्धा में उग्र प्रदर्शन किया। सिग्नल चौक स्थित कांग्रेस भवन में छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ और प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय के निर्देश पर जिला अध्यक्ष शितेश चन्द्रवंशी के नेतृत्व में किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम का नेतृत्व पंडरिया विधानसभा अध्यक्ष देवव्रत चन्द्रवंशी और बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश जायसवाल ने किया। देवव्रत चन्द्रवंशी ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि परीक्षा की पवित्रता भंग हुई है तो दोषियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए।

दुर्गेश जायसवाल ने कहा कि लाखों विद्यार्थी वर्षों की मेहनत से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और भरोसे पर सीधा हमला हैं। एनएसयूआई विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा के लगभग 600 अंकों के प्रश्न पहले से वायरल प्रश्नपत्र से हूबहू मेल खाते हैं। यहां तक कि प्रश्नों के विकल्प भी समान क्रम में पाए गए, जिससे परीक्षा की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष प्रवीण वर्मा, खेमचंद चन्द्रवंशी, मुन्ना खान, योगेन्द्र जोशी, जयंत भिवाष, मारुती तितशि, कृष्णा योगी, जागस्तर यदु, दीपसु चंद्रवंशी, पंचराम दुबे, गौतम कुगोयल, ललित टांडिया, पंचराम धुर्वे और जोहित मेरावी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading