पंडरिया में 14.14 करोड़ की सड़कें मंजूर, गांवों की कनेक्टिविटी सुधरेगी

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर नई स्वीकृतियां मिली हैं। लोक निर्माण विभाग ने तीन सड़कों के निर्माण और मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 14 लाख 35 हजार रुपए मंजूर किए हैं। इन कार्यों से ग्रामीण इलाकों में आवागमन आसान होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों में प्रधानमंत्री सड़क से जुड़ने वाले डेंगुरु जाम से अमनिया मार्ग (3.20 किमी) के लिए 5.79 करोड़ रुपए, भरतपुर-घोघरा मार्ग (3.50 किमी) के लिए 6.12 करोड़ रुपए और महली से नानापुरी तक 3 किमी सड़क के मजबूतीकरण के लिए 2.23 करोड़ रुपए शामिल हैं। इन सड़कों के बनने से डेंगुरु जाम, टेडापानी, अमनिया, भगतपुर, घोघरा, महली और नानापुरी सहित आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
क्षेत्र में पहले से ही बड़े स्तर पर सड़क निर्माण कार्य चल रहे हैं। करीब 500 किलोमीटर सड़कों पर काम जारी है, जिनमें कुछ पूरे हो चुके हैं और कई निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा सिंचाई और पेयजल के लिए 300 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाएं भी संचालित हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
सड़क निर्माण के साथ पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास से अब ग्रामीण क्षेत्रों में बारहमासी कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। इससे किसानों, छात्रों और आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल रही है।
नगरीय क्षेत्रों में भी विकास कार्य जारी हैं। पंडरिया और पांडातराई में बायपास, लाइब्रेरी, स्टेडियम, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है। इन कार्यों के चलते क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और ग्रामीण इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में प्रगति देखी जा रही है।


