बिहार राज्यसभा चुनाव के लिए विजय शर्मा बने पर्यवेक्षक, बीजेपी ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

रायपुर। बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को अहम जिम्मेदारी दी है। पार्टी ने उन्हें बिहार का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान वे संगठनात्मक रणनीति और समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अलग-अलग राज्यों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में विजय शर्मा को बिहार की जिम्मेदारी दी गई है। वहां राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव होना है। एनडीए ने सभी पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि विपक्ष की ओर से आरजेडी ने भी प्रत्याशी मैदान में उतारा है। ऐसे में चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
राज्यसभा चुनाव में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उम्मीदवार हैं और दोनों ने नामांकन दाखिल कर दिया है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने और विधायकों के साथ समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी विजय शर्मा निभाएंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक वे चुनाव से जुड़े संगठनात्मक और रणनीतिक पहलुओं की निगरानी करेंगे तथा विधायकों के साथ समन्वय बनाकर पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी विजय शर्मा लंबे समय तक वहां सक्रिय रहे थे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहले छत्तीसगढ़ के सह-प्रभारी और बाद में प्रभारी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को बड़ी सफलता मिली थी। ऐसे में विजय शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर दी गई यह जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



