महिला दिवस पर स्वच्छता दीदियों का सम्मान, नपा अध्यक्ष ने आरती कर किया स्वागत

कवर्धा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर नगर पालिका परिषद कवर्धा में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने स्वच्छता कार्य में जुटी महिलाओं का आरती उतारकर और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों के साथ बैठकर चर्चा की गई और उन्हें महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान नपा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि नारी शक्ति साहस, आत्मविश्वास, प्रेम, त्याग और सहनशीलता का प्रतीक है। समाज की नींव को मजबूत करने में महिलाओं की अहम भूमिका है और उनका सम्मान करना हर किसी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ रही हैं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
नपा अध्यक्ष ने कहा कि आज महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। महिला दिवस हमें महिलाओं के संघर्ष, उनके योगदान और उनके सपनों को सम्मान देने का अवसर देता है।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पार्षद अजय ठाकुर, बिहारी राम धुर्वे, योगेश चंद्रवंशी, सौखी आहिरवार, डोनेश राजपूत, दीपक सिन्हा सहित बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी मौजूद रहीं।



