महिला दिवस पर पंडरिया में महतारी वंदन सम्मेलन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान

कवर्धा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पंडरिया में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली महिलाओं और सरकारी योजनाओं की लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की शक्ति, आत्मसम्मान और समाज निर्माण में उनके योगदान को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को हर साल 12 हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

उन्होंने बताया कि पंडरिया क्षेत्र में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए आठ निःशुल्क बसों का संचालन किया जा रहा है। इस योजना से करीब एक हजार छात्राओं को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे उन्हें सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग भी शुरू की गई है, जहां सैकड़ों छात्र-छात्राएं सीजीपीएससी, नीट और आईआईटी-जेईई जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। केंद्र सरकार की लखपति दीदी और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के जरिए ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम हो रहा है। उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुद्रा योजना जैसी पहलें भी महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, राघवेंद्र साहू, मंडल अध्यक्ष नरेश साहू, राजेंद्र साहू, मंडल महामंत्री धरमपाल कौशिक, जिला पंचायत सदस्य राजकुमारी साहू, नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष सरिता सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।



