कवर्धा विशेष

जबलपुर से रायपुर तक सफर होगा फास्ट, NH-30 के शेष हिस्से को 4-लेन की मंजूरी

कवर्धा। अब जबलपुर से रायपुर तक का सफर और आसान होने जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) के शेष 122 किलोमीटर हिस्से को 4-लेन में बदलने की मंजूरी केंद्र सरकार ने दे दी है। लंबे समय से उठ रही मांग को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल के बाद हरी झंडी मिली है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर बढ़ते ट्रैफिक और सड़क सुरक्षा की समस्या को प्रमुखता से रखा था।

यह मार्ग कबीरधाम जिले से होकर गुजरता है और व्यावसायिक दृष्टि से बेहद अहम माना जाता है। रोजाना बड़ी संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की ओर से लंबे समय से 4-लेन विस्तार की मांग की जा रही थी।

अब पूरा कॉरिडोर होगा 4-लेन

पहले जबलपुर–मंडला–चिल्फी (करीब 160 किमी) हिस्से को 4-लेन करने की घोषणा हो चुकी थी। अब चिल्फी (धवईपानी) से सिमगा (रायपुर) तक के लगभग 122 किमी हिस्से को भी 4-लेन में विकसित किया जाएगा। इससे जबलपुर से रायपुर तक निर्बाध 4-लेन सड़क तैयार होगी और यात्रा समय में कमी आएगी।

कवर्धा को मिलेगा बायपास

शहर में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए कवर्धा बायपास निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। बायपास बनने से भारी वाहन शहर के भीतर प्रवेश नहीं करेंगे, जिससे जाम और सड़क हादसों की संभावना घटेगी।

विकास को मिलेगी रफ्तार

विशेषज्ञों का मानना है कि 4-लेन सड़क बनने से व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय बाजारों को फायदा होगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

सड़क चौड़ीकरण की इस स्वीकृति से कबीरधाम सहित आसपास के जिलों में विकास की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading