आगरपानी में 96.96 लाख की कृषि परियोजनाओं का लोकार्पण, किसानों को मिला बड़ा लाभ — विधायक भावना बोहरा

कवर्धा। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत आयोजित वाटरशेड महोत्सव में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने आज ग्राम आगरपानी में 12 ग्राम पंचायतों के 21 गांवों को लाभान्वित करने वाली लगभग 96 लाख 96 हजार रुपए की कृषि एवं जल-संरक्षण परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं में डबरी, कुआं और स्टॉप डैम निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जो किसानों को सिंचाई सुविधा और वर्षा जल संरक्षण का बड़ा आधार प्रदान करेंगे।

इसके साथ ही विधायक बोहरा ने 79.48 लाख रुपए के अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा 17 लाख 50 हजार रुपए के नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। मौके पर लाभार्थी किसानों को 29 डीजल पम्प, बीज व कृषि किट, अनुदान राशि तथा लाभार्थी प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
सरकार का आभार, किसानों के लिए लाभकारी योजनाओं पर जोर

कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा मंत्री रामविचार नेताम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में वास्तविक परिवर्तन ला रही हैं और पंडरिया क्षेत्र को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत जल प्रबंधन, जल संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि नए निर्मित स्टॉप डैम, डबरी और कुआं संरचनाएं आने वाले वर्षों में क्षेत्र में सिंचाई क्षमता को मजबूत करेंगी, भू-जल स्तर बढ़ेगा और किसानों को सालभर पर्याप्त पानी उपलब्ध रहेगा।

कृषि क्षेत्र को नई दिशा
उन्होंने बताया कि जल-संरक्षण परियोजनाएं सूखा प्रभावित क्षेत्रों को राहत देंगी, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाएंगी और फसल उत्पादन में स्थिरता लाएंगी। इन परियोजनाओं का सीधा लाभ किसानों की आजीविका पर पड़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।



