कवर्धा विशेष

पंडरिया विधानसभा को मिला विकास का तोहफ़ा, महिलाओं के लिए शुरू होगा महतारी सदन

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा की महिलाओं और ग्रामीणों के लिए सोमवार का दिन खास रहा। मोहतराखुर्द में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से 24 लाख 70 हजार रुपए की लागत से बनने वाले महतारी सदन का लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि यह सदन सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि माताओं-बहनों के सपनों और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनेगा।

विधायक बोहरा ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है, वहीं अब महतारी सदन में उन्हें प्रशिक्षण और मंच मिलेगा, जहाँ वे अपनी प्रतिभा और कौशल को निखार सकेंगी। यहाँ स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियाँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुदायिक सभाएँ भी आयोजित होंगी।

इसी दौरान विधायक बोहरा ने जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करते हुए ग्राम बाजार चारभाठा और ढोरली में 46 लाख 34 हजार रुपए की लागत से होने वाले सीसी रोड और भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। उनका कहना था कि इन कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा और सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयुक्त जगह मिलेगी।

विधायक ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रदेश के हर वर्ग—महिला, किसान, युवा और व्यापारी—के सशक्तिकरण के साथ ही ग्रामीण इलाकों में सड़क, पानी, बिजली और स्वच्छता जैसे बुनियादी कामों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन में उपेक्षित रहा पंडरिया अब विकास के नए आयाम गढ़ रहा है।

गाँव के लोगों ने इस मौके पर मुख्यमंत्री और विधायक भावना बोहरा का आभार जताया और उम्मीद जताई कि क्षेत्र में विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading