छत्तीसगढ़ प्रादेशिक

भूपेश बघेल का भाजपा पर तंज, ननकीराम कंवर के पत्र को लेकर साधा निशाना

रायपुर। पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखे पत्र को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर तीखा कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अक्सर कांग्रेस पर बड़ी-बड़ी टिप्पणियां करते हैं, लेकिन अब देखना होगा कि उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता की स्थिति क्या हो गई है। बघेल ने याद दिलाया कि पहले भी राज्यपाल और कलेक्टर बैठे रहे, जबकि ननकीराम कंवर खड़े होकर अपनी बात रखते रह गए थे। अब देखना दिलचस्प होगा कि कंवर के इस अल्टीमेटम पर भाजपा क्या प्रतिक्रिया देती है।

दरअसल, ननकीराम कंवर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग की है और तीन दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर शासन-प्रशासन के खिलाफ धरना देने की चेतावनी दी है।

पटना रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल ने इस पत्र पर प्रतिक्रिया दी। वे कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की विस्तारित बैठक में शामिल होने जा रहे हैं, जो पहली बार बिहार के पटना में आयोजित हो रही है। इस बैठक को बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बेहद अहम माना जा रहा है।

इसी दौरान भूपेश बघेल ने 22 सितंबर से लागू जीएसटी 2.0 पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि गलत जीएसटी व्यवस्था थोपकर देश को आठ साल तक लूटा गया। जनता की आय सीमित होती चली गई और अब सरकार को समझ आया। पहले जो भाषण कांग्रेस देती थी, वही आज केंद्र सरकार दोहरा रही है। महंगाई घटाने के वादे पहले भी होते रहे और अब भी दोहराए जा रहे हैं।

इसके साथ ही बघेल ने बिहार में गौ हत्या और गौ तस्करी के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि 2014 में भारत बीफ निर्यात में 9वें स्थान पर था, लेकिन अब दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गौ माता के नाम पर वोट लेती है और गौ हत्यारों से नोट।

पटना में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक को लेकर बघेल ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार बिहार में सीडब्ल्यूसी की बैठक हो रही है। राहुल गांधी ने वोट चोरी के खिलाफ 16 दिन की यात्रा की है, ऐसे में यह बैठक ऐतिहासिक और निर्णायक साबित होगी।

बैठक में भूपेश बघेल के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और फूलोदेव नेताम भी शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading